कानपुर नगर
रावतपुर मेट्रो स्टेशन से कंपनीबाग चौराहे तक लगभग 1,800 मीटर लंबाई में सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने आज रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता परखी।
निरीक्षण के दौरान मौके पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ पाया गया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से अनुपालन हो, किसी भी परिस्थिति में समझौता न किया जाए। प्रयोग होने वाली सामग्री की अनिवार्य जांच कर मानक के अनुरूप ही उपयोग किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण युद्ध स्तर पर पूर्ण कराया जाए। लोक निर्माण विभाग, जल निगम नगरीय एवं मेट्रो के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य को समयबद्ध पूरा कराएं ताकि बाधा उत्पन्न न हो। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
क्राइम ब्यूरो- दीपक तिवारी, कानपुर नगर
