जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डलेश्वर को मिला ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र
विधिक सेवाओं की गुणवत्ता एवं कार्यालय प्रबंधन के लिए मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता
कमजोर एवं वंचित वर्गों तक पारदर्शी और सुव्यवस्थित कानूनी सहायता पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
अनिल बिलवे खरगोन 24 अक्टूबर 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डलेश्वर को विधिक सेवा योजनाओं के क्रियान्वयन, कानूनी सहायता तथा कार्यालय प्रबंधन की गुणवत्ता के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन का प्रतिष्ठित ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि प्राधिकरण द्वारा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक पारदर्शी, त्वरित और सुव्यवस्थित कानूनी सहायता पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
टोरिस मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली के प्रतिनिधि श्री शिवांशु तिवारी द्वारा यह प्रमाण पत्र प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डलेश्वर श्री अखिलेश जोशी को न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं पक्षकारगण की उपस्थिति में सौंपा गया। इस अवसर पर श्री अखिलेश जोशी की उपस्थिति में प्रमाण पत्र का अनावरण भी किया गया।
बेहतर प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का परिणाम
प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अखिलेश जोशी ने इस उपलब्धि पर तत्कालीन सचिव सुश्री प्रीति जैन, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई एवं कार्यालयीन स्टॉफ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डलेश्वर निरंतर निर्धारित नियमों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान कर रहा है। इससे आमजन का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यालय का बेहतर प्रबंधन, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव, लोक अदालतों का सफल संचालन तथा विधिक जागरूकता शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयास इस उपलब्धि के प्रमुख आधार हैं।
न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्तागण रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री पंकज माहेश्वरी, विशेष न्यायाधीश श्री अमित रंजन समाधिया, चतुर्थ जिला न्यायाधीश श्री सुजीत कुमार सिंह, प्रथम जिला न्यायाधीश श्री राजकुमार चौहान, न्यायाधीश सुश्री प्रीति जैन, न्यायाधीश श्री मोहित बड़के, न्यायाधीश सुश्री प्रीतिबाला मुणिया, प्रशिक्षु न्यायाधीश सुश्री मुस्कान मंसूरी, अध्यक्ष जिला अभिभाषक संघ मण्डलेश्वर श्री विजय जोशी, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई, आईएसओ प्रतिनिधि श्री शिवांशु तिवारी, सचिव अधिवक्ता संघ श्री पुष्पेन्द्र गंगारेकर, लीगल एड डिफेंस काउंसल श्री रूपेश कुमार शर्मा, सुश्री निशा कौशल, पीएलवी श्री जोजू एम.आर., विधिक सेवा कार्यालयीन स्टॉफ एवं पक्षकारगण उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजनों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डलेश्वर की पूरी टीम को बधाई दी।
