बारीपदा, मयूरभंज: मयूरभंज जिले की युवा चित्रकार एवं रेत कलाकार जागृति पाटबंधा को आज बारीपदा स्थित सृष्टि कला केंद्र परिसर में सम्मानित किया गया। मयूरभंज आर्टिस्ट एसोसिएशन ‘द आर्ट वेव’ तथा सृष्टि कला केंद्र, बारीपदा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में उनकी कलात्मक प्रतिभा, लगन और रचनात्मकता की सराहना की गई।मयूरभंज जिले के सारसकणा ब्लॉक अंतर्गत शिरसा गांव की रहने वाली जागृति पाटबंधा, रवींद्र नाथ पाटबंधा एवं अहल्या पाटबंधा की पुत्री हैं। बचपन से ही कला के प्रति उनकी रुचि, समर्पण और सृजनशीलता ने उन्हें एक नई पहचान दिलाई है।अपनी कलात्मक प्रतिभा को और अधिक निखारने तथा भविष्य में मयूरभंज जिले का नाम रोशन करने के उद्देश्य से जागृति को भुवनेश्वर स्थित बी.के. कॉलेज ऑफ आर्ट एंड क्राफ्ट्स में अध्ययन करने का अवसर मिला है। वह अपनी कला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं।अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार दशरथ महांता तथा चित्रकार एवं बारीपदा स्थित सृष्टि कला केंद्र की संस्थापक निवेदिता महांता के मार्गदर्शन में जागृति अपनी कलात्मक यात्रा को आगे बढ़ा रही हैं। उनके मार्गदर्शन से उन्हें कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को विकसित करने और भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिल रही है।सम्मान समारोह के अवसर पर मयूरभंज आर्टिस्ट एसोसिएशन ‘द आर्ट वेव’ के सचिव एवं कलाकार जितेंद्र हेम्ब्रम ने जागृति को जीवन में उच्च सफलता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उनकी प्रतिभा और समर्पण की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।संस्था की ओर से कहा गया कि जागृति की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा विकसित करने, कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।जागृति पाटबंधा की इस सफलता से मयूरभंज जिले में खुशी का माहौल है। कला के प्रति उनका समर्पण और आगे बढ़ने का संकल्प निश्चित रूप से भविष्य में जिले के लिए गौरव का विषय बन सकता है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।
