बारीपदा, 24 अक्टूबर: मयूरभंज जिले के बारीपदा स्थित ऐतिहासिक छऊ मैदान के निकट कॉलेज ग्राउंड में शनिवार की शाम भारतीय हैंडीक्राफ्ट एवं हैंडलूम मेले का उद्घाटन किया गया। इस मेले में एक ही छत के नीचे देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद उपलब्ध हैं।मेले में ओडिशा की प्रसिद्ध संबलपुरी साड़ी, सोनपुर की पट्ट साड़ी, नुआपटना की खंडुआ पट्ट, बोमकाई साड़ी, बरगढ़ की पशापाली साड़ी और नबकोठी साड़ी सहित अनेक पारंपरिक वस्त्र आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, असम और पुडुचेरी सहित विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में लोगों को अलग-अलग राज्यों की कला, संस्कृति और पारंपरिक कारीगरी से जुड़ी वस्तुओं को देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।उद्घाटन समारोह में अतिथि के रूप में बारीपदा के एसडीपीओ प्रभात कुमार मल्लिक, वार्ड नंबर-1 की पार्षद सुकेशिनी सेठी तथा रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य एवं समाजसेवी अमर कुमार सेठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।अतिथियों ने मेले का उद्घाटन करने के बाद विभिन्न राज्यों के स्टॉलों का भ्रमण किया। उन्होंने एक ही स्थान पर देश के अलग-अलग राज्यों के हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की तथा आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।यह मेला पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ भारतीय हस्तशिल्प और हथकरघा की विविधता को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।
