जोधपुर। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता, नवाचार और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की दिशा में महेश पब्लिक स्कूल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर जोधपुर सहित पूरे राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2026-27 के अंतर्गत विद्यालय ने ‘फ्यूचर रेडी सस्टेनेबल स्कूल अवार्ड’ श्रेणी की ग्रैंड ज्यूरी रैंकिंग में पूरे भारत में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, राजस्थान और जोधपुर में विद्यालय ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
विद्यालय के चेयरमैन माननीय श्री कैलाश मोदी के मार्गदर्शन में विद्यालय की यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में उसकी निरंतर प्रगति, दूरदर्शी सोच और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रयासों को रेखांकित करती है। राष्ट्रीय स्तर की इस रैंकिंग में पांचवां स्थान प्राप्त करना विद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही राजस्थान और जोधपुर में प्रथम स्थान प्राप्त करना स्थानीय स्तर पर विद्यालय की शैक्षणिक पहचान को और मजबूत करता है।
वहीं ‘को-एड डे स्कूल’ श्रेणी में भी विद्यालय ने जोधपुर में छठी रैंक प्राप्त की।
दिल्ली में आयोजित समारोह में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पुनीता बोहरा ने सम्मान प्राप्त किया। उनके द्वारा सम्मान प्राप्त करना विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण रहा।
