उरई(जालौन):
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)- 2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने जनपद के आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, श्री गांधी इंटर कॉलेज उरई तथा छत्रसाल इंटर कॉलेज जालौन सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था, कंट्रोल रूम की कार्य प्रणाली तथा परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध शौचालय, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। जनपद में PET-2026 के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न हुई। प्रथम पाली में पंजीकृत 4,992 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 3,522 उपस्थित रहे, जबकि 1,470 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में 4,992 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 3,546 ने परीक्षा दी और 1,446 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 7,068 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी एवं परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण किया गया। प्रशासनिक सतर्कता और निर्धारित व्यवस्थाओं के बीच जनपद में PET-2026 के प्रथम दिवस की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख,ITN news)
