बारीपदा, 26 अक्टूबर: आगामी 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय एकता दिवस-2026’ समारोह में शामिल होने के लिए ओडिशा के मयूरभंज जिले से 51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुजरात के एकतानगर के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर बारीपदा रिजर्व पुलिस मैदान में एक विशेष अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और हरी झंडी दिखाकर उनकी यात्रा का शुभारंभ किया।इस कार्यक्रम में अतिरिक्त जिलाधिकारी दुखबंधु नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक गोच्छायत एवं गौतम किसान, रिजर्व इंस्पेक्टर आलोक कुमार कानूनगो, जिला संस्कृति अधिकारी मुनमुन गिरि तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी शिशिर कुमार मुंदुइया उपस्थित थे।इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस का प्रमुख विषय ‘नक्सलवाद का अंत’ तथा ‘नक्सलमुक्त भारत’ का संकल्प है। इसके साथ ही देश के सशस्त्र बलों की विजयगाथा को याद करने तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और शांति का संदेश प्रसारित करने पर विशेष जोर दिया गया है।गौरतलब है कि दशकों से नक्सलवाद देश के कई क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास के मार्ग में बाधा उत्पन्न करता रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण और वन क्षेत्रों में हिंसा तथा भय के माहौल के कारण आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे का विकास प्रभावित हुआ है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित करना और स्थानीय लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मयूरभंज से रवाना हुआ 51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल विशेष बस से भुवनेश्वर पहुंचा है। वहां कलिंग स्टेडियम में रात्रि विश्राम करने के बाद प्रतिनिधिमंडल विशेष ट्रेन से गुजरात के एकतानगर के लिए रवाना होगा। एकतानगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भाग लेंगे।इस यात्रा में मोरड़ा ब्लॉक के एबीडीओ सुशांत कुमार राउल तथा कुलियाना के एएसआई उपेंद्र कुमार गोच्छायत नोडल अधिकारी के रूप में प्रतिनिधिमंडल के साथ गए हैं।राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेकर यह प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय एकता, शांति और नक्सलमुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएगा, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, राज्य पत्रकार।
