सोनभद्र। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ होने वाली हिंसा जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।अक्टूबर माह में चलाए जा रहे विशेष साइबर जागरूकता अभियान के तहत बच्चों, बालिकाओं और आमजन को ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों से ओटीपी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की गई।पुलिस ने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने तथा महिला सुरक्षा के लिए 112, 1090/1091, 181 और 1076 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की सलाह दी।सोनभद्र पुलिस ने अपील की कि महिलाएं एवं बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध निडर होकर आवाज उठाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं की सहायता लें। साथ ही आमजन से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया गया।

