उरई(जालौन):
तहसील कोंच के ग्राम बोहरा में आज सुबह आग लगने की घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी समीर ने उप जिलाधिकारी कोंच को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तथा प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्राप्त जांच आख्या के अनुसार, ग्राम बोहरा निवासी भगवान सिंह पुत्र खुशाली के कच्चे पशु आवास में सुबह लगभग पांच बजे हवा के साथ आग लग गई। इससे पशु बाड़े का छान-छप्पर, लकड़ी और गोबर के कंडे जल गए। बाड़े में बंधी एक बकरी और एक पड़िया भी आंशिक रूप से घायल हो गईं। स्थानीय पशु चिकित्सक द्वारा दोनों पशुओं का उपचार किया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति स्वस्थ बताई गई है। प्रकरण को शासनादेश के अंतर्गत दैवीय आपदा से संबंधित मानते हुए प्रभावित भगवान सिंह को तीन हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई अलग से की गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने में तत्परता बरती जाए तथा ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख,ITN news)
