पन्ना।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सिमरिया थाना पुलिस ने ग्राम आमघाट में छापेमार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गोवा व्हिस्की शराब जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पवई एसडीओपी शिवा पाठक के मार्गदर्शन एवं सिमरिया थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम आमघाट में एक घर पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, घर के अंदर बड़ी मात्रा में गोवा व्हिस्की शराब रखी मिली। कार्रवाई के दौरान 27 पेटी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 79 हजार 280 रुपये बताई जा रही है। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर संबंधित व्यक्ति कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।
इंडियन टीवी न्यूज़ चैनल संवाददाता मानस अवस्थी की रिपोर्ट पन्ना मध्य प्रदेश
