**दो दिन से लापता था विवेक, पिता ने फोन कर बुलाने के बाद हत्या किए जाने की जताई आशंका…….
परसपुर गोण्डा।। थाना क्षेत्र के गौघटा बंधिया गांव के पास मंगलवार सुबह सरयू नदी में एक 18 वर्षीय युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दक्षिण पुरवा सरैया गांव निवासी विवेक पुत्र सुरेश के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, विवेक बीते रविवार को घर पर था। इसी दौरान दिन में उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद वह घर से निकल गया। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने सरयू नदी में शव उतराता देखा और इसकी सूचना परिवार को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विवेक के रूप में की।
मृतक के पिता सुरेश ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि किसी ने फोन करके विवेक को बुलाया था और इसके पीछे सुनियोजित साजिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को लिखित तहरीर दी जाएगी।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। बेटे की मौत से मां सीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विवेक दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई राहुल है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
