ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने पुलिस को दी चेतावनी, न्याय नहीं मिला तो आंदोलन करेगा संगठन
भोजपुर। भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह शनिवार को भोजपुर के मोहल्ला फतेहपुरी में प्रदेश महासचिव नईम चौधरी के आवास पर पहुंचे। यहां संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान संगठन के एक कार्यकर्ता के साथ हुई मारपीट और उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पूरे मामले से अवगत कराते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप था कि एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की, बल्कि पीड़ित कार्यकर्ता के विरुद्ध ही मुकदमा दर्ज कर दिया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने भोजपुर के कस्बा इंचार्ज अनुज कुमार को मौके पर बुलाकर मामले में जवाब-तलब किया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए निष्पक्ष जांच कराने, कार्यकर्ता के खिलाफ दर्ज मुकदमे को समाप्त करने और मारपीट में शामिल आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय किसान यूनियन भानू अपने किसी भी कार्यकर्ता के साथ होने वाले अन्याय को चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि मामले में उचित न्याय नहीं मिला और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा और जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस रुख के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सभी ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होने तक संगठन के साथ खड़े रहने की बात कही।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह बिश्नोई, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी कुलदीप बिश्नोई, प्रदेश मीडिया प्रभारी शाने आलम, प्रदेश महासचिव नईम चौधरी, प्रदेश संगठन मंत्री मैराजुल हक अंसारी, नगर अध्यक्ष भोजपुर एजाज अहमद, तहसील अध्यक्ष मोहम्मद असलम, फरमान अंसारी, अशफाक खान सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता मुरादबाद-शाने आलम
