*यातायात माह नवम्बर–2026 का हुआ शुभारम्भ; रिजर्व पुलिस लाइन्स, बदायूँ में यातायात जागरूकता कार्यक्रम एवं बाइक रैली का भव्य आयोजन किया गया।*
*बदायूं। दिनांक 02.11.2026 को यातायात माह नवम्बर–2026 का शुभारम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स बदायूँ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महेश चन्द्र गुप्ता जी, सदर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार उपस्थित रहे।*
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों एवं आमजनमानस को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लायी जा सकती है।
इस अवसर पर सभी को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, सदैव अपनी निर्धारित लेन में चलने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, स्टंट बाइकिंग से बचने, प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करने तथा सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही चौराहों पर सावधानी बरतने एवं वाहन चलाते समय धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की गई।
इसके तत्पश्चात महेश चन्द्र गुप्ता सदर विधायक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स से ‘यातायात जागरूकता बाइक रैली’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली पुलिस लाइन ग्राउंड से प्रारम्भ होकर पुलिस लाइन चौराहा, इन्द्रा चौक, लावेला चौक एवं जेल तिराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजनमानस को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ हृदेश कठेरिया, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, एआरटीओ बदायूँ हरिओम गौतम, प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार वर्मा, समस्त टीएसआई गण एवं यातायात पुलिस का स्टाफ, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक, पुलिस मॉडर्न स्कूल बदायूँ के विद्यार्थी, राजकीय इंटर कॉलेज बदायूँ के एनसीसी कैडेट्स, आमजनमानस तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
बदायूँ पुलिस द्वारा आमजनमानस से अपील की जाती है कि यातायात नियमों का पालन स्वयं भी करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। आपका एक छोटा सा प्रयास अनमोल जीवन की रक्षा कर सकता है।
*यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें एवं दूसरों को भी सुरक्षित रखें।*
*आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।*


