रिपोर्ट: जरीना खातून ब्यूरो चीफ बांदा उप्र।
बांदा जिले में एक लाख रुपए घूस लेते जेई को विजलेंस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय बांदा में तैनात जेई सलमान को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 2 नवंबर 2026 को झांसी सेक्टर की विजिलेंस टीम ने की।
जानकारी के मुताबिक, एक ग्रेनाइट क्रेशर प्लांट संचालक ने विजिलेंस में शिकायत की थी कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से नोटिस जारी होने के बाद कार्रवाई नहीं करने के एवज में जेई सलमान ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती माधवी कमलवंशी से मिलने के लिए कहा गया था, जहां से उसे जेई सलमान से संपर्क करने को कहा गया।
शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और जेई सलमान को कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली नगर बांदा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अब सवाल यह है कि क्या इस पूरे मामले में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होगी? भ्रष्टाचार के इस कथित खेल में क्या सिर्फ जेई ही शामिल था या इसके पीछे कोई और भी है?
विजिलेंस ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी वैध कार्य के बदले रिश्वत मांगे तो हेल्पलाइन नंबर 9454401866 और 9454401863 पर शिकायत करें।
