नदीम अहमद पत्रकार इंडियन टीवी न्यूज़ मऊ उत्तर प्रदेश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र मधुबन एवं घोसी के समस्त सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों के साथ किया संवाद कार्यक्रम में सबसे कम प्रतिशत मतदान वाले बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों की होगी समीक्षा और लोकसभा क्षेत्र घोसी में मतदान प्रतिशत में अपेक्षित वृद्धि हेतु जिला प्रशासन का विशेष प्रयास।
अधिकतम प्रतिशत मतदान वाले बूथ लेवल अधिकारियों को किया जाएगा सम्मानित।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण मिश्र के निर्देश एवं नेतृत्व में लोकसभा क्षेत्र घोसी में मतदान प्रतिशत में वृद्धि हेतु लगातार विशेष प्रयास किया जा रहे हैं। इसी के क्रम में आज विधानसभा क्षेत्र मधुबन एवं घोसी के समस्त सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवाद कार्यक्रम के माध्यम से मतदान प्रतिशत में वृद्धि हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दोनों विधानसभा क्षेत्र में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा अभी तक किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अब अधिक से अधिक मतदान कराने का कार्य बाकी रह गया है,जिसमें सभी लोग विशेष प्रयास कर मतदान वृद्धि हेतु आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने उपस्थित सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों को महत्व को इंगित करते हुए कहा कि आपके प्रयास से ही यह संभव हो पाएगा। इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता पर्चियो का शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के साथ ही साथ मतदान प्रतिशत में वृद्धि भी करना है। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों को घर से बाहर रहने वाले मतदाताओं से अवश्य संपर्क करने एवं उन्हें मतदान हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि विभिन्न विभाग इस कार्य में आपका सहयोग करेंगे। दिव्यांग मतदाताओं हेतु गांव के कोटेदार बूथों तक दिव्यांग मतदाताओं को पहचाने में मदद करेंगे एवं दिव्यांग मित्र बूथों पर दिव्यांग मतदाताओं को वोट दिलाने में सहयोग करेंगे। इसके अलावा महिला समूहो के साथ ही नई युवक मंगल दल, ग्रामीण स्तर पर कार्यरत समस्त कर्मचारियों की टोली भी इस कार्य में आपकी मदद करेगी। साथ ही ग्राम पंचायत में कार्यरत टीमों तथा आपके कार्यों की क्रास चेकिंग भी होगी। जिलाधिकारी ने मतदान प्रतिशत में वृद्धि को चुनौती मानते हुए अच्छा कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को सम्मानित भी करने को कहा। इसके अलावा पिछले चुनाव में कम प्रतिशत वाले बूथों में भी अपेक्षित सुधार होने पर उन्हें भी सम्मानित जिला प्रशासन करेगा। उन्होंने समस्त बीएलओ को प्रत्येक गांव में गठित टीमों के कार्यों पर भी नजर रखते हुए सुपरवाइजर के माध्यम से अवगत कराने के निर्देश दिए। विगत चुनाव में कुछ बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मतदाता पर्ची वितरण में लापरवाही एवं पक्षपात पूर्ण ढंग से कार्य करने की शिकायतों के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने समस्त बूथ लेवल अधिकारियों को इससे बचने की सलाह दी। अन्यथा की स्थिति में प्रकरण संज्ञान में आने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। महिला मतदाताओं पर विशेषध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जहां-जहां भी लोकतंत्र सफल रहा है, उनमें महिलाओं की भागीदारी अवश्य रही है। अतः कोई भी महिला मतदान से वंचित न रहे यह भी सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा दोनों विधानसभा क्षेत्र में संवाद के दौरान जिला अधिकारी ने उप जिला अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों के द्वारा बूथ लेवलअधिकारियों तथा प्रत्येक गांव में कार्यरत टीमों के कार्यों की क्रास चेकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी अपराध करने तथा निष्पक्ष चुनाव के विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त होने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है आप सभी लोग मेहनत करेंगे तथा मतदान प्रतिशत में वृद्धि हेतु अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आवश्यक प्रयास करेंगे।
संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ऊपर से हम मॉनिटरिंग जरूर करते हैं, लेकिन धरातल पर आप ही को कार्य करना है। आप चाहे तो मतदान में वृद्धि हो सकती है। हर एक व्यक्ति से आप जरूर संपर्क करें। घर-घर जाकर मतदान करने की अपील भी करें। उन्होंने बताया कि बूथों पर पानी, टेंट टॉयलेट, बैठने आदि की व्यवस्था होगी, लोगों की तक यह सूचना अवश्य पहुंचाएं। साथ ही महिलाओं को भी मतदान में शत प्रतिशत भाग लेने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि समस्त बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों की चुनाव के बाद समीक्षा की जाएगी। जिनका प्रदर्शन खराब होगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी होगी। संवाद कार्यक्रम के दौरान दोनों स्थलों पर अपर जिला अधिकारी ने भी आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम मतदान प्रतिशत वाले पांच बूथों पर कम मतदान के कारणों एवं उसमें वृद्धि हेतु अब तक बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि मतदाता पर्ची का वितरण मतदान से एक सप्ताह पूर्व शत प्रतिशत अवश्य हो जाना चाहिए।इसके अलावा अवशेष पर्चियां का अंकन करते हुए अभिलेख सहायक निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिए गए। इस दौरान उन्होंने डोर टू डोर मतदाता पर्ची वितरण के निर्देश दिए। साथ ही ए एस डी वोटर की सूची भी एक सप्ताह पूर्व सहायक निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने को कहा। अपर जिलाधिकारी ने दिव्यांग एवं पचासी वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की शीघ्र ही सूची तैयार कर लेने को कहा, जिससे इस संबंध में आगे आवश्यक कार्रवाई समय से की जा सके। इसके अलावा बूथ लेवल कमेटी की बैठक कर मतदान प्रतिशत में वृद्धि हेतु आवश्यक जारी दिशा निर्देशों से भी संबंधित सदस्यों को अवगत कराने के निर्देश अपर जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। मतदाता पर्ची वितरण के पूर्व ही वोटर गाइड का भी वितरण शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश अपर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिए गए।
विधानसभा क्षेत्र मधुबन एवं घोसी में संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रमुख अधिकारियों के अलावा सहायक निर्वाचन अधिकारी मधुबन अवधेश चौहान,सहायक निर्वाचन अधिकारी घोसी आनंद कनौजिया,डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, संबंधित खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।