तमंचे पर डिस्को करने वाला ग्राम प्रधान फरार है, प्रयागराज पुलिस की छापेमारी में गिरफ्त में नहीं आया आरोपित
पवन कुमार पाल
ब्यूरो चीफ प्रयागराज
इंडियन टीवी न्यूज़
प्रयागराज : पंचायत चुनाव में जीत के बाद समर्थकों संग तमंचे पे डिस्को करने वाले ग्राम प्रधान की तलाश तेज हो गई है। प्रयागराज में मेजा पुलिस ने गुरुवार की रात में आरोपित प्रधान सोनू गौतम के घर छापेमारी की तो समर्थकों में खलबली मच गई। शुक्रवार की सुबह भी गिरफ्तारी के लिए उसके संदिग्ध ठिकानों व कुछ रिश्तेदारों के घर दबिश दी गई, लेकिन गिरफ्त में नहीं आया।
पुलिस का कहना है कि पहले मुख्य आरोपित प्रधान को पकड़ा जाएगा और फिर उसके साथी व समर्थकों की गिरफ्तारी की जाएगी। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सोनू और उसके समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल :
वायरल वीडियो में लाल रंग का गमछा गले में डालकर और लुंगी व शर्ट पहनकर एक शख्स तमंचे से पहले फायरिंग करता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद बज रहे डीजे पर समर्थकों संग डांस करता है। वीडियो में दिख रहे किसी भी व्यक्ति के मुंह पर मास्क नहीं है। कोरोना संक्रमण के वक्त फिजिकल डिस्टेंसिंग का भी उल्लंघन किया गया।
मेजा के परवाह गांव है मामला :
गुरुवार को वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो खलबली मच गई। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। अफसरों के निर्देश पर मेजा पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मामला परवाह गांव का है। यहां ग्राम प्रधान के पद पर जीत दर्ज करने के बाद सोनू गौतम ने जश्न मनाया था। इसी दौरान उसने तमंचे फायरिंग की और कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन किया। हालांकि वीडियो किस दिन का है, यह साफ नहीं हो सका है।
मेजा इंस्पेक्टर बाेले, प्रधान व समर्थकों पर केस दर्ज, गिरफ्तारी को दी जा रही दबिश :
इंस्पेक्टर मेजा अरुण कुमार चतुर्वेदी का कहना है प्रधान सोनू और उसके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सोनू की गिरफ्तारी होने पर ही पता चलेगा कि किस दिन फायरिंग की व डीजे बजवाया था।












Leave a Reply