संवाददाता धीरज विश्वकर्मा
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने शुक्रवार को जिले के तेंदूखेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार,श्री शुभम् कुमार यादव आईएएस भी साथ थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र निर्देशित किया कि भवन के अंदर और परिसर में प्रकाश की उचित एवं पर्याप्त व्यवस्था रखें। सीसीटीव्ही क्रियाशील रहे और 24 घंटे चालू रहे। सभी डॉक्टर और चिकित्साकर्मी निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित होकर रोगियों का उपचार करें। अस्पताल में भर्ती महिला रोगियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। यहाँ मौजूद चिकित्सक से अस्पताल के सेफ्टी ऑडिट की भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने यहां दवाई वितरण कक्ष, भण्डार, वैक्सीन कोल्ड चैन कक्ष, गहन चिकित्सा इकाई एवं जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। भण्डार कक्ष के निरीक्षण में उन्होंने यहाँ उपलब्ध दवाईयों का भी मुआयना किया। कलेक्टर को बताया गया कि लगभग 330 प्रकार की आवश्यक दवाईयां (ईडीएल) एवं अन्य प्रकार की 40 दवाइयाँ उपलब्ध है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपचार के लिए आये मरीज़ों से चर्चा की। कलेक्टर ने पूछा कि आपको दवाइयाँ अन्यत्र से तो नहीं ख़रीदनी पड़ती है।मरीज़ एवं उनके परिजनों ने अवगत कराया कि उन्हें यहाँ के दवा वितरण केन्द्र से सभी दवाइयाँ प्राप्त हो जाती है।कलेक्टर ने पैथोलॉजी केंद्र में जाकर यहाँ की जाने वाली जाँचों का भी अवलोकन किया। यहाँ मौजूद स्टाफ ने बताया कि पैथोलॉजी में 80 प्रकार की जाँचें की जाती है, जिसकी रिपोर्ट की जानकारी की सूचना मरीज़ या उनके परिजन के मोबाइल नंबर पर मेसेज के माध्यम से प्रदान की जाती है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम संघमित्रा गौतम, नायब तहसीलदार तथा चिकित्सा अधिकारी मौजूद थे।