✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
बड़ी बहन के साथ माता की चुनरी यात्रा देखने आई आठ वर्षीय बच्ची हुई गुम, बच्ची को भटकते देख माधवनगर पुलिस ने दिखाई तत्परता, परिजनों का पता लगाकर सुरक्षित बच्ची को पहुंचाया घर
कटनी। अपनी बड़ी बहन के साथ मां जगत जननी की चुनरी यात्रा देखने आई एक 8 वर्षीय मासूम लड़की भारी भीड़ भाड़ में बहन से बिछड़ कर भटक गई। बच्ची को इधर-उधर भटकता देख सुरक्षा में तैनात माधव नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बच्ची को अपनी अभीरक्षा में ले लिया और बातचीत के बाद बड़ी मशक्कत से उसके परिजनों का पता करके उसे सुरक्षित घर पहुंचाया। माधव नगर पुलिस के इस प्रयास से एक परिवार के चेहरे खिल उठे।
माधवनगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि गत 8 अक्टूबर 2024 को चुनरी यात्रा के दौरान एक आठ वर्षीय बच्ची परिवार से बिछड़ कर गुम हो गई। हाउसिंग बोर्ड माधवनगर निवासी 8 वर्षीय बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ चुनरी यात्रा देखना आई थी। भारी भीड़ के कारण वह अपनी बहन से बिछड़ गई और भटक कर शांति नगर चौक पहुंच गई। शांति नगर चौक पर बच्ची को रोते हुए खड़ा देखा गया, जहां माधवनगर पुलिस की टीम तुरंत पहुंची और उसे अपनी देखरेख में लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बच्ची से बातचीत की, बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह चुनरी यात्रा में अपनी बड़ी बहन के साथ आई थी और भीड़ में खो गई। पुलिस ने तत्परता से उसकी पहचान की पुष्टि की और तुरंत उसके परिवार से संपर्क कर उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया। इस सफल प्रयास में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर और प्रधान आरक्षक आकेश तिवारी, नीरेंद्र गौतम एवं धीरेंद्र गौतम का सराहनीय योगदान रहा। बच्ची के परिवार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के प्रति आभार प्रकट किया है। माधवनगर पुलिस की इस जिम्मेदारीपूर्ण कार्रवाई से नगरवासियों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा का भाव और अधिक मजबूत हुआ है।।