अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर लगने से बाइक सवार घायल व्यक्ति की जिला अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई, मौत की खबर सुनकर परिजनों में गम का माहौल छाया हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को तल्हेडी बुजुर्ग क्षेत्र के गांव चन्देना कोली निवासी एडवोकेट रामपाल पुत्र अफलातूनउम्र करीब 75 वर्ष सुबह के समय अपनी बाइक पर सवार होकर ऋषिकेश आंखों के चेकअप के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह तल्हेडी बुजुर्ग कस्बे से निकले तो पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि अज्ञात वाहन चालक बुजुर्ग एडवोकेट रामपाल को घायल अवस्था में छोड़कर वहां से नौ दो ग्यारह हो गया।इस दौरान हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तल्हेडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागल पहुंचाया गया। लेकिन नाजुक हालत के चलते सीएचसी चिकित्सकों द्वारा उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पहुंचने पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस दुखद घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी जिन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर एडवोकेट रामपाल का पोस्टमार्टम ना कराने की पुलिस से गुजारिश की। जिसके बाद पुलिस ने वृद्धावस्था होने के कारण मृत रामपाल का शव उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान परिजनों ने बताया कि रामपाल पेशे से वकील थे जो देवबंद स्थित कचहरी में वकालत का कार्य करते थे। वह व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति थे जो हर वर्ग के व्यक्ति के साथ मधुर व्यवहार रखते थे। उन्होंने बताया कि उनकी कोई सन्तान नहीं थी जिसके लिए उन्होंने अपने भाई मायाराम से उनका बड़ा लड़का गोद लिया था, जिसका नाम योगेन्द्र है। दोपहर के समय परिजन एडवोकेट रामपाल का मृत शरीर लेकर गांव में पहुंचे जहां परिजनों द्वारा गमगीन माहौल में उनका अन्तिम संस्कार कराया गया है।
रिपोर्ट रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़