बैतूल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदू में कार्यरत अतिथि शिक्षकों ने सहायक आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर 6 माह से लंबित वेतन भुगतान की मांग की है। ब्लॉक अध्यक्ष मनोज सातनकर ने बताया कि 24 जुलाई 2024 से शासन के आदेशानुसार अतिथि शिक्षकों के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन नियुक्ति के 6 माह बीत जाने के बाद भी आज तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की शिक्षा, दैनिक जरूरतों और पारिवारिक खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। दिवाली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी शिक्षक वेतन के अभाव में उत्सव नहीं मना पाए।अतिथि शिक्षकों ने बताया कि प्रतिमाह विकासखंड शिक्षा अधिकारी को वेतन न मिलने की जानकारी दी गई, लेकिन हर बार आवंटन न होने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। शिक्षक संघ ने वेतन संबंधित कार्य को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की है ताकि उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।