विधायक प्रदीप प्रसाद ने विधानसभा में सरकार की नाकामी को उजागर किया
सरकार कोचिंग संस्थानों की अनियमितता पर कब तक आँख मूँदकर बैठेगी? छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा: प्रदीप प्रसाद
सरकार कागजों में जंगल बचा रही है, लेकिन जमीन पर वन कट रहे हैं, वन संरक्षण की योजनाओं का ऑडिट हो: – प्रदीप प्रसाद
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने शिक्षा, पर्यावरण और वन संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने सरकार से सीधे सवाल किए और उसकी नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए।
कोचिंग संस्थानों की अनियमितता पर सरकार मौन क्यों?
विधायक प्रदीप प्रसाद ने सदन में यह गंभीर मुद्दा उठाया कि झारखंड में हजारों कोचिंग संस्थान बिना किसी नियमन के संचालित हो रहे हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों का शोषण हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह सच है कि कोचिंग संस्थान बिना किसी सरकारी मान्यता के मनमाने तरीके से छात्रों से फीस वसूल रहे हैं? सरकार ने इस पर स्वीकार किया कि कोचिंग संस्थानों का संचालन अनियमित है और इन्हें नियमित करने के लिए दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं। इस जवाब से संतुष्ट न होते हुए विधायक ने सरकार से दो टूक सवाल किया आखिर यह दिशा-निर्देश कब तक लागू होंगे? क्या सरकार तब तक छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करती रहेंगी.
कागजों में योजना, धरातल पर जंगल कट रहे हैं
पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर भी विधायक प्रदीप प्रसाद ने सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने सदन में पूछा कि झारखंड में 40.56% संरक्षित वन क्षेत्र और 48.34% ओपन फॉरेस्ट क्षेत्र होने के बावजूद वन क्षेत्र घटता क्यों जा रहा है?
सरकार ने जवाब दिया कि राज्य में 24 जिलों में 92 स्थायी पौधशालाएँ कार्यरत हैं। इनमें कुल 96 लाख पौधे तैयार किए जा रहे हैं। जंगलों के संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाएँ चलाई जा रही हैं।
इस पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने सरकार की विफलता को उजागर करते हुए कहा की अगर सरकार के दावों में सच्चाई होती, तो झारखंड के जंगल लगातार खत्म क्यों हो रहे हैं? सरकार सिर्फ आँकड़ों की बाजीगरी कर रही है, जबकि जमीन पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
जंगलों की अवैध कटाई और अतिक्रमण पर तत्काल रोक लगाई जाए। वन क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय लोगों को पुनर्वास और रोजगार दिया जाए। वन संरक्षण की योजनाओं का सार्वजनिक ऑडिट कराया जाए।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा जनता के साथ खड़ी है और सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना ही होगा। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही
कोचिंग संस्थानों का नियमन नहीं हुआ,
वन संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए,अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं हुई,सदन से सड़क तक आवाज को बुलंद करेंगे.
विधायक प्रदीप प्रसाद ने झारखंड की जनता से अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ कोचिंग करने वाले छात्रों या जंगली क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों का मुद्दा नहीं है, यह पूरे झारखंड का सवाल है। अगर आज हम नहीं जागे, तो आने वाली पीढ़ियाँ हमें माफ नहीं करेंगी।