नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
शिक्षक प्रशिक्षण के अभ्यास पाठ हेतु विद्यालय आवंटन हेतु समिति की बैठक संपन्न
हजारीबाग: शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम सत्र 2024-26 के तहत प्रशिक्षुओं के अभ्यास पाठ (प्रैक्टिकल ट्रेनिंग) के लिए विद्यालयों का आवंटन सुनिश्चित करने हेतु उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। शिक्षक प्रशिक्षण में व्यावहारिक कठिनाइयों को दृष्टिगत रखते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बैठक आहूत की गई।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि हैंडीकैप व गर्ल्स के लिए शहर के 10 स्कूलों को रिजर्व करते हुए तीन- तीन विकल्प बनाकर संबंधित स्कूलों को सूची उपलब्ध करा दिया जाए। सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे नियत कार्यक्रमानुसार प्रशिक्षुओं को आवश्यक शैक्षणिक सहयोग एवं सुविधाएँ प्रदान करें ताकि भविष्य के शिक्षकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण का समुचित लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन से प्रशिक्षुओं के शैक्षणिक कौशल में अभिवृद्धि होगी तथा भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में यह प्रयास सहायक सिद्ध होगा। बैठक में उपायुक्त महोदय के अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक तथा संबंधित प्रशिक्षण संस्थान महाविद्यालय के प्राचार्य उपस्थित रहे।