खुर्जा। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शाहवाजपुर भाल गांव में 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय राजवती उर्फ रज्जो पत्नी तुलसीराम के रूप में हुई है, जो शाहवाजपुर भाल गांव की रहने वाली थीं। मृतका के परिवार में उनका पति तुलसीराम और उनके तीन बच्चे हैं बड़ी बेटी रेखा आयु 35 वर्ष, जिनकी शादी हो चुकी है। बेटा: बबली आयु 32 वर्ष, जो एक गत्ता फैक्ट्री में मजदूरी का काम करते हैं। उनकी पत्नी का नाम डौली है। छोटा बेटा: सूरज आयु 25 वर्ष, जो मजदूरी करते हैं और उनकी पत्नी का नाम राजकुमारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही खुर्जा देहात थाना पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतका के शरीर पर प्राथमिक दृष्टि में कोई भी जाहिरा चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि, मृतका के परिजनों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश और दो दिन पूर्व हुए विवाद के चलते दूसरे पक्ष के लोगों ने महिला के साथ मारपीट की, जिसके कारण उनकी मौत हुई है। वहीं, इसके विपरीत पुलिस द्वारा गांव में की गई शुरुआती पूछताछ और जांच के दौरान आसपास के लोगों ने किसी भी प्रकार की मारपीट की घटना होने से साफ इनकार किया है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि जिन लोगों पर परिजनों द्वारा मारपीट का आरोप लगाया जा रहा है, वे व्यक्ति पिछले दो दिनों से खुद अस्पताल में भर्ती हैं। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि थाना खुर्जा क्षेत्र से महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मेमो प्राप्त हुआ था। चिकित्सकों के मुताबिक मृतका के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और गांव के अन्य सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह से बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
