खुर्जा। खुर्जा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुंडाखेड़ा में आयोजित “मुंडाखेड़ा नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट” का वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एड. रंजना सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस दौरान अकबरपुर और चितौला की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में अकबरपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 63 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चितौला की टीम निर्धारित 8 ओवरों में 60 रन ही बना सकी। और अकबरपुर की टीम ने 3 रन से मुकाबला अपने नाम किया। इस अवसर पर एड. रंजना सिंह ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले, ताकि युवा अपनी मेहनत एवं लगन से खेल जगत में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर सकें।
कार्यक्रम में सम्मानित ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।