खुर्जा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुलंदशहर के खुर्जा में सपा नेता व अधिवक्ता हेमंत राघव के परिवार पर हुए जानलेवा हमले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले में बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक से फोन पर वार्ता कर पूरी घटना की जानकारी ली और निष्पक्ष तथा उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 14 जुलाई को खुर्जा के शिल्पा गार्डन के पास कुछ दबंगों ने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव एवं अधिवक्ता हेमंत राघव के पिता और भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस गंभीर घटना में वे बुरी तरह घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष ने खुर्जा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। स्थानीय स्तर पर पुलिस की सुस्ती और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए पार्टी नेतृत्व का दरवाजा खटखटाया। अधिवक्ता हेमंत राघव, सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष हाजी यासीन कुरैशी, आसिफ जमाली और पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी सोनू गौतम के साथ लखनऊ पहुंचे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से विस्तार से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अखिलेश यादव ने फौरन हस्तक्षेप किया। उन्होंने बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक को फोन करने के साथ ही एक आधिकारिक पत्र भी जारी किया। पत्र में प्रकरण से जुड़े सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने का आग्रह किया गया है। पीड़ित अधिवक्ता हेमंत राघव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कराने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की थी, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी पकड़ से दूर हैं। प्रशासन की उदासीनता के चलते उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष से गुहार लगानी पड़ी। उन्होंने संकट की इस घड़ी में साथ देने के लिए अखिलेश यादव के साथ-साथ हाजी यासीन कुरैशी और आसिफ जमाली का आभार व्यक्त किया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों का पालन करते हुए जल्द से जल्द मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।