- खैरगढ़ में दुकान में लगी भीषण आग, बिस्किट व अन्य सामान जलकर राख; 60-70 हजार रुपये का नुकसान
खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। कस्बा खैरगढ़ के शेर चौक के समीप गुरुवार को एक दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा बिस्किट व अन्य सामान धू-धू कर जलने लगा। दुकान से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और धूल-मिट्टी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब 60 से 70 हजार रुपये का सामान जलकर नष्ट होने का अनुमान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना व कस्बा खैरगढ़ निवासी कन्हैया लाल उर्फ सुदेश गुप्ता के मकान के नीचे बनी दुकान में आग लगी। कन्हैया लाल उर्फ सुदेश गुप्ता और उनकी पत्नी शालिनी गुप्ता कस्बा स्थित एसबीएल इंटर कॉलेज में शिक्षक एवं शिक्षिका हैं। दोनों प्रतिदिन की तरह गुरुवार सुबह करीब आठ बजे मकान और दुकान बंद करके स्कूल चले गए थे। इसी दौरान दुकान में अचानक आग लग गई।
दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर ग्रामीणों ने दुकान स्वामी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पति-पत्नी घर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। दुकान में रखे बिस्किट और अन्य सामान को आग ने अपनी चपेट में ले लिया था। आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पानी व धूल-मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया।
बताया जाता है कि स्कूल में शिक्षण कार्य करने के बाद दंपती शाम के समय दुकान पर बिस्किट और अन्य सामान का कारोबार करते हैं। आग लगने की इस घटना में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
सुबह दुकान बंद कर स्कूल गए थे दंपती, पीछे से हुआ हादसा
इस घटना ने दुकानदार परिवार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


