उरई(जालौन):
डीआईजी और एसपी ने रिक्रूट आरक्षियों की ट्रेनिंग को लेकर पुलिस लाइन उरई का किया निरीक्षण:
व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश: झांसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) केशव कुमार चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन उरई का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण हेतु की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में किया गया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी और एसपी ने प्रशिक्षणार्थी आरक्षियों के लिए उपलब्ध आवासीय व्यवस्थाएं, क्लासरूम, स्नानागार, शौचालय आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तेज गर्मी को देखते हुए बैरकों में पर्याप्त कूलर, पंखे, बल्ब, तख्त और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और पर्याप्त शौचालय व स्नानागार बनाने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधा से वंचित न रहना पड़े। सभी आवश्यक संसाधनों की तत्काल पूर्ति करते हुए प्रशिक्षण को सुचारु रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया। रिजर्व पुलिस लाइन उरई में इस बार जेटीसी प्रशिक्षण के लिए 432 पुरुष व 108 महिला आरक्षी, जबकि आरटीसी प्रशिक्षण के लिए 400 पुरुष रिक्रूट आरक्षी प्रशिक्षण लेंगे। सभी के लिए सुनियोजित और अनुशासित प्रशिक्षण व्यवस्था की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, प्रतिसार निरीक्षक पारस नाथ चौधरी, आरटीसी प्रभारी निरीक्षक शिवप्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश