उरई(जालौन):
उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम सख्त: लापरवाही बर्दाश्त नहीं ।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने चेताया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु समिति की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने औद्योगिक और व्यापारिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के निर्देश जिला उद्योग केंद्र कार्यालय को दिए। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री शिक्षित बेरोजगार योजना के तहत लक्ष्यों की पूर्ति के लिए प्राचार्य आईटीआई को भी तत्परता से कार्य करने को कहा गया। बैठक में जिला व्यापार बंधु समिति के अंतर्गत मौनी मंदिर के पास स्थित सब्जी मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई गई। व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत मांग के अनुक्रम में जिलाधिकारी ने मंडी को स्थानांतरित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, यह भी अवगत कराया गया कि इस उद्देश्य से ₹50 लाख की धनराशि पूर्व में ही स्वीकृत की जा चुकी है। राठ रोड ओवरब्रिज से हाईवे तक की सड़क की चौड़ाई कम होने के मुद्दे पर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि यह कार्य 2025-26 की कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है, और अनुमोदन उपरांत कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश हाथ कागज संघ द्वारा पृथक विद्युत फीडर की मांग पर अधिशासी अभियंता विद्युत द्वितीय ने बताया कि प्रस्ताव उच्च स्तर पर विचाराधीन है और शीघ्र स्वीकृति की संभावना है। वहीं, कालपी में रेलवे लाइन के किनारे औद्योगिक मार्ग निर्माण हेतु PWD द्वारा बताया गया कि एस्टीमेट उच्च अधिकारियों को भेजा जा चुका है. कोंच औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए अवगत कराया गया कि दूसरी किस्त प्राप्त होते ही इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए, नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु क्षेत्राधिकारी पुलिस, उपायुक्त उद्योग व एक उद्योग प्रतिनिधि की संयुक्त समिति गठित कर स्थल निरीक्षण एवं आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जोल्हूपुर मोड़ पर आरएचएल प्रोफाइल की भूमि पर हुए अवैध कब्जे के संबंध में जिलाधिकारी ने एडीएम, एडिशनल एसपी व सीओ कालपी/सदर की संयुक्त टीम बनाकर तत्काल कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। राज्य कर विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों की दुर्घटनावश मृत्यु होने पर आश्रित को ₹10 लाख की सहायता राशि दी जाती है। इस योजना के अंतर्गत जनपद के दो व्यापारियो आर्या इंटरप्राइजेज, माधौगढ़ के स्व. अभिषेक कुमार शर्मा तथा महादेव कम्पनी, एट के स्व.जितेन्द्र कुमार की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर, अर्पणा शर्मा (पत्नी अभिषेक) और अर्चना (पत्नी जितेन्द्र) को ₹10-₹10 लाख की सहायता राशि राज्य कर विभाग, उरई द्वारा प्रदान की गई। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव, विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापार मंडल प्रतिनिधि, एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश