सास के बाद पुत्रवधु हुई सर्पदंश की शिकार,दुद्धी सीएचसी में इलाज जारी
लगातार सर्पदंश की दो घटना से परिवार समेत ग्रामीणों में दहशत और भय का माहौल
दुद्धी सोनभद्र।आषाढ़ माह के प्रारंभ के साथ क्षेत्र में बरसात शुरू होते ही बरसात ने लोगों की मुसीबतें और चिंताएं बढ़ा दी है बरसात के बाद बढ़ती उमस से विषैले जीवजंतु उमस से राहत पाने के लिए अपने बिलों आशियानों से बाहर निकल रहे है जिससे क्षेत्र में विषैले जंतु के काटने की घटनाएं तेजी के साथ बढ़ने लगे है।सीएचसी दुद्धी में सर्पदंश के एक मरीज का उपचार चल ही रहा होता है कि दूसरा मरीज सर्पदंश का शिकार होकर पहुंच रहा है।ऐसा ही मामला एक बार फिर कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव से सामने आया है
जहां विवाहिता उषा देवी (30 वर्ष) पत्नी महेंद्र कुमार को रात्रि में एक बजे विषैले सर्प करैत ने डस लिया।
घटना के समय उषा देवी अपने कमरे में अपने बच्चे के साथ चारपाई पर सोई हुई थी, जबकि उनके पति महेंद्र कुमार बगल के बेड पर सोए हुए थे।
सर्पदंश की जानकारी तब हुई जब सर्प पति महेंद्र के ऊपर से चढ़कर पार हुआ और 2 से 3 घंटे बाद उषा देवी को बेचैनी और शरीर में ऐंठन दर्द महसूस होने लगा। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उषा देवी को रात्रि में ही निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया ।
परिजनों ने सर्प को पकड़कर डब्बे में भर रखा है। आज बृहस्पतिवार को उषा देवी का जांच उपरांत चिकित्सक ने डिस्चार्ज कर दिया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व मंगलवार की शाम उषा देवी की सास शकुंतला देवी को भी खेत में सर्प ने डस लिया था, जिनका इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था।
पहले सास और फिर पुत्रवधु के सर्पदंश के शिकार होने से पूरे परिवार समेत ग्रामीणों में दहशत और भय का माहौल है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह