नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
राजस्व विभाग की समीक्षात्मक बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु उपायुक्त ने दिए निर्देश
हजारीबाग : 28 जून शनिवार को समाहरणालय सभागार, हजारीबाग में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में राजस्व विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीजी पोर्टल पर लंबित जन-शिकायतों के शीघ्र निष्पादन, भू-मापी मामलों की समीक्षा, म्यूटेशन प्रक्रिया, अमीनों की उपस्थिति तथा योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पीजी पोर्टल एवं राज्य सरकार द्वारा प्राप्त जनशिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निष्पादित किया जाए। उन्होंने भू-मापी से संबंधित शिकायतों के समाधान में विभागीय दिशा निर्देशों का पालन करने को कहा।
“आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के संदर्भ में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा यह एक जन भावनाओं तथा उनकी समस्याओं को केंद्रबिंदु में रखकर इस कार्यक्रम की परिकल्पना की गईं है। इस लिए इस पर गंभीरता बरती जानी चाहिए।
उपायुक्त ने ई-रिवेन्यू कोर्ट के अंतर्गत दायर एवं निष्पादित वादों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों के लिए नामित वरीय पदाधिकारी नियमित रूप से ई-रिवेन्यू कोर्ट के मामलों की समीक्षा करें तथा अद्यतन स्थिति की सूची उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
म्यूटेशन मामलों पर विशेष निर्देश:
उपायुक्त ने म्यूटेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि 90 दिनों से अधिक लंबित म्यूटेशन के मामले स्वीकार्य नहीं होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश म्यूटेशन के मामले अस्वीकृत किए जाते हैं, तो उसकी पूर्ण विवरणी संलग्न की जाए। साथ ही जियो टैगिंग आधारित म्यूटेशन की नई प्रणाली को लेकर सभी संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए।
कर्मचारी,अमीन एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के कार्यों की नियमित समीक्षा के साथ प्रशिक्षण देने का निर्देश:
बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचलों में कार्यरत अमीनों की उपस्थिति एवं मापी की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ नियमित बैठक करें। उन्होंने कहा कार्यालय की कार्यशैली में गुणात्मक सुधार लाकर ही सरकार की योजनाओं एवं प्राथमिकताओं को सफलतापूर्वक लागू किया जा सकेगा। उन्होंने सभी अंचल कार्यालयों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को समय-समय पर आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने की बात भी कही।
योजनाओं की निगरानी:
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए वरीय पदाधिकारियों को नामित किया गया है ताकि योजनाएं सुचारु रूप से क्रियान्वित हो सकें।
उक्त बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने अंत में सभी अधिकारियों से समन्वयपूर्वक कार्य करते हुए नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने की अपील की।