नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग डीटीओ कार्यालय से छुड़ाए गए 40 से 50 टोटो टेंपो, अभिषेक कुमार ने निभाई गरीबों की आवाज
दलालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, परिवहन मंत्री से हस्तक्षेप की अपील
हजारीबाग: 29 जून- शहर के डीटीओ कार्यालय से जब्त किए गए 40 से 50 टोटो टेंपो को समाजसेवी एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी अभिषेक कुमार के हस्तक्षेप के बाद आज रिहा कराया गया। टेंपो चालकों की आंखों में आंसू थे, जिनके लिए यही एकमात्र रोजी-रोटी का साधन था।
कई चालकों ने बताया कि वे दिनभर में ₹200 तक ही कमा पाते हैं, जिससे घर चलाना, बच्चों की पढ़ाई कराना सब कुछ मुश्किल हो गया है। “हम रोज़ ₹5-₹10 कमा रहे हैं, हमसे गाड़ियाँ जब्त कर ली जाती हैं, लेकिन बालू और कोयले के बड़े व्यापारियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती,” एक चालक ने रोते हुए कहा।
अभिषेक कुमार को जब इस स्थिति की जानकारी मिली, तो वे तुरंत डीटीओ कार्यालय पहुंचे और सभी टेंपो चालकों से मुलाक़ात की। उन्होंने डीटीओ से फोन पर बात कर तत्काल रिहाई की मांग की, जिसे स्वीकार किया गया। उन्होंने चालकों को सलाह दी कि वे धीरे-धीरे अपने सभी कागजात सही कर लें और भरोसा दिलाया कि झारखंड सरकार गरीबों की सरकार है, किसी को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
अभिषेक कुमार ने बताया कि डीटीओ कार्यालय में दलालों का जमावड़ा रहता है, जो जब्त वाहन छुड़ाने के नाम पर ₹10,000 तक की मांग करते हैं। उन्होंने परिवहन मंत्री दीपक बिरवा से इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेने और दलालों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही डीटीओ कार्यालय में दलालों को हटाने के लिए समयसीमा तय करने की अपील की है।