अंधविश्वास की चपेट में आकर पुत्र ने पिता की हत्या की
दुद्धी सोनभद्र ।जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र खैराही गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अंधविश्वास के चलते एक युवक ने अपने ही पिता की हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार खैराही गांव निवासी रामजतन नामक युवक को यह भ्रम था कि उसके जीवन में संतान न होने का कारण किसी ने भूत-प्रेत कर दिया है। गुरुवार दोपहर लगभग 4 बजे इसी अंधविश्वास के चलते रामजतन का अपने पिता राजमन (65 वर्ष) से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर रामजतन ने पास में रखे लकड़ी के कुंडे से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद राजमन मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
परिजनों और ग्रामीणों द्वारा तत्काल उन्हें म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर म्योरपुर थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करते हुए उसे अंत्यपरीक्षण हेतु दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पुत्र रामजतन को तत्काल हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच जारी है।
यह घटना समाज में अंधविश्वास की भयावह स्थिति और इसके परिणामों पर गहरा सवाल खड़ा करती है, जहां विज्ञान और शिक्षा के इस युग में भी लोग तंत्र-मंत्र और भूत-प्रेत के भ्रम में अपनों की जान तक ले बैठते हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह