नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो हजारीबाग
छड़वा मोहर्रम मेले में पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह हुए शामिल, अखाड़ों के धारियों को किया सम्मानि
हजारीबाग: मोहर्रम की दसवीं तिथि के अवसर पर हजारीबाग में आयोजित छड़वा मोहर्रम मेला एक बार फिर सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बनकर सामने आया। यह ऐतिहासिक मेला छड़वा मोहर्रम कमिटी, हजारीबाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक शामिल हुए।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी एवं नगर निगम प्रभारी मुन्ना सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मेला स्थल पर पहुँचने पर आयोजन समिति द्वारा उन्हें अंगवस्त्र व पगड़ी पहनाकर पारंपरिक सम्मान प्रदान किया गया।
मुन्ना सिंह ने आयोजन को संबोधित करते हुए कहा,
“यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक साझेदारी और मानवीय एकता का उत्सव है। यह हम सभी को जोड़ता है और एक बेहतर समाज की दिशा में
प्रेरित करता है।”
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि मुन्ना सिंह ने मेले में भाग लेने वाले विभिन्न अखाड़ों के धारियों को उनके साहस, अनुशासन और निपुणता के लिए स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “ये अखाड़ा धारी हमारे सांस्कृतिक जीवन के सजीव प्रतीक हैं। ये परंपरा, बहादुरी और अनुशासन का प्रतिनिधित्व करते हैं, और इनका सम्मान करना समाज का कर्तव्य है।”
पूरे मेले का वातावरण श्रद्धा, शांति और आपसी समरसता से भरपूर रहा। ताजियों की शोभायात्रा, मातमी धुनों, और अखाड़ों के हैरतअंगेज़ करतबों ने लोगों को आकर्षित किया और मेले को विशिष्ट गरिमा प्रदान की।
हजारीबाग के विभिन्न गांवों से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने इस पारंपरिक आयोजन को और भी भव्य बना दिया। वर्षों से यह छड़वा मोहर्रम मेला हजारीबाग की सांझा सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक रहा है, और इस बार भी उसने उसी परंपरा को गर्व के साथ आगे बढ़ाया।