नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा: 11 हजार वोल्ट की तार की चपेट में आया ताजिया, एक युवक की मौत, छह झुलसे
हजारीबाग/गिरीडीह: जिले के घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र अंतर्गत चांगोंसिंघा गांव में रविवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जुलूस में शामिल स्टील का ताजिया जब गांव के एक रास्ते से गुजर रहा था, तभी वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया।
तेज करंट फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को त्वरित रूप से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे को लेकर बिजली विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाईटेंशन तार की ऊंचाई बहुत कम थी, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने पहले भी तार की ऊंचाई को लेकर शिकायतें की थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासन ने घटना की उच्च स्तरीय जांच का आश्वासन दिया है।