नरेश सोनी
हजारीबाग, मंगलवार : कांग्रेस पार्टी के पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी और नगर निगम प्रभारी मुन्ना सिंह ने मंगलवार को जन सरोकार से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने सदर प्रखंड अंतर्गत पौंता पंचायत के तुरांव गांव में आग की घटना में झुलसे पीड़ितों से शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। वहां भर्ती मरीजों के परिजनों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुन्ना सिंह ने अस्पताल अधीक्षक प्रो. डॉ. अनुकरण पूर्ति से मिलकर इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं झेलनी चाहिए और कांग्रेस परिवार इस संकट की घड़ी में पूरी तरह उनके साथ है।
इसके पश्चात मुन्ना सिंह ने हजारीबाग की लाखे मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति का भी जायजा लिया। मौके पर उन्होंने सड़क पर फैले कीचड़, जलजमाव और गंदगी की गंभीर स्थिति पर नाराज़गी जताई और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने इस बदहाली के लिए एनएचएआई की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह आम जनता के लिए अत्यंत कष्टकारी स्थिति है।
मुन्ना सिंह ने इस बाबत नगर आयुक्त से फोन पर बातचीत कर त्वरित समाधान की मांग की। नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि सड़क एनएचएआई के अधीन है और अब इसे प्राथमिकता में लेकर सुधार कार्य किया जाएगा।
मुन्ना सिंह ने कहा, “कांग्रेस विरोध नहीं, समाधान की राजनीति करती है। हमारी लड़ाई केवल विकास की नहीं, नागरिक अधिकार और सम्मान की भी है। कांग्रेस हमेशा पीड़ितों, उपेक्षितों और संघर्षशील लोगों के साथ खड़ी है।”
उन्होंने आम जनता से अपील की कि क्षेत्र की किसी भी समस्या को लेकर वे बेहिचक संपर्क करें। कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में जनहित के संघर्षों में साथ निभाएगी।