नरेश सोनी
हजारीबाग, मंगलवार: प्रमंडलीय आयुक्त पवन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हजारीबाग स्थित आयुक्त कार्यालय में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ राजस्व संबंधी विषयों पर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भूमि हस्तांतरण, भूमि अधिग्रहण, बंदोबस्ती, लीज, दाखिल-खारिज समेत अन्य राजस्व मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने प्रत्येक जिले के लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित प्रकरणों का निष्पादन तय समयसीमा के भीतर किया जाए।
आयुक्त ने कहा, “राजस्व मामले सीधे तौर पर आम जनता की समस्याओं से जुड़े होते हैं, इसलिए इनके निष्पादन में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।”
उन्होंने मामलों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और प्रक्रिया के पालन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य प्रभावी एवं विधिसम्मत तरीके से पूरे किए जाएं।
इस बैठक में हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन, रामगढ़ उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, चतरा उपायुक्त कीर्तिश्री, कोडरमा उपायुक्त ऋतुराज तथा प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का उद्देश्य प्रमंडल स्तर पर राजस्व मामलों में गति लाना और जनता को समय पर न्याय उपलब्ध कराना रहा।