सांसद मनीष जायसवाल के प्रयास से दुलमी में पोषण किट वितरण-सह-स्वास्थ्य मेला का आयोजन, 450 गर्भवती-धात्री माताओं को मिला लाभ
दुलमी-रामगढ़/हज़ारीबाग : लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण “पोषण किट वितरण-सह-स्वास्थ्य मेला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गेल (इंडिया) लिमिटेड के सीएसआर योजना 2025 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की गर्भवती और धात्री माताओं को उचित पोषण प्रदान कर कुपोषण मुक्त समाज का निर्माण करना है। इस अवसर पर 450 चयनित गर्भवती और धात्री माताओं को पोषण किट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन और पोषण किट का विमोचन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल, विशिष्ट अतिथि रामगढ़ की सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद, दुलमी बीडीओ अमित मिश्रा, दुलमी सीओ किशोरी यादव, भाजपा रामगढ़ जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता, गेल के वरिष्ठ अधिकारी (मानव संसाधन) अदनान जुबैर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने तुलसी के पौधे पर जल अर्पण और पोषण किट का विमोचन कर किया। इसके बाद, सांसद मनीष जायसवाल ने सांकेतिक रूप से पाँच गर्भवती और धात्री माताओं को पोषण किट वितरित कर इस वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बाद में विभिन्न अतिथियों द्वारा सभी 450 लाभार्थियों को पोषण किट उपलब्ध कराए गए।
पोषण किट में शामिल सामग्री:
वितरित किए गए पोषण किट बॉक्स में विभिन्न पौष्टिक सामग्री शामिल थी, जैसे मोरिंगा पाउडर (500 ग्राम), अलसी के बीज (1 किलो), चिया बीज (1 किलो), कद्दू के बीज (250 ग्राम), शुद्ध शहद (1 किलो), त्रिफला जूस (1 लीटर), सोया बड़ी (2 किलो), बाजरा (1 किलो), ज्वार (1 किलो), न्यूट्रीमिक्स पाउडर (1 किलो), अरबी खजूर (1 किलो) और किचन गार्डन बीज (1 बॉक्स)।
अतिथियों का भव्य स्वागत और स्वास्थ्य जागरूकता
सांसद मनीष जायसवाल और अन्य अतिथियों का स्थानीय माता-बहनों द्वारा पारंपरिक लोटा पानी विधि से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। मंच पर स्थानीय भाजपा समिति ने अंग-वस्त्र भेंट कर और स्थानीय सहिया बहनों ने स्वागत गीत गाकर उनका अभिनंदन किया। एलईडी के माध्यम से एक विशेष पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद मनीष जायसवाल द्वारा शुरू की गई विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। दुलमी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी ने संयुक्त रूप से सांसद मनीष जायसवाल को दुलमी प्रखंड के प्रख्यात धार्मिक स्थल डेलीपईला की छवि स्मृति स्वरूप भेंट की।
इस अवसर पर मेडीक्योर हॉस्पिटल, रांची के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी उचित सलाह दी और पोषाहार किट की विस्तृत जानकारी प्रदान की। एक स्थानीय योग शिक्षिका ने योगाभ्यास का संदेश भी मंच से दिया।
सांसद जायसवाल का संबोधन: “कुपोषण मुक्त समाज हमारा लक्ष्य”
मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल ने बड़ी संख्या में उपस्थित गर्भवती और धात्री माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि माताएँ और उनके आने वाले बच्चे सुरक्षित और स्वस्थ हों। उन्होंने बताया कि यह अभियान हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में कुपोषण को दूर करने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोषण किट गर्भवती और धात्री माताओं के शारीरिक असंतुलन को दूर करने और उन्हें उचित पोषण प्रदान करने में सहायक होंगे।
सांसद ने बताया कि पोषण किट वितरण अभियान की शुरुआत रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड से हुई थी, जहाँ 2400 पोषण किट वितरित किए गए थे। हाल ही में मांडू विधानसभा क्षेत्र के चुरचू प्रखंड के चरही में 450 महिलाओं के बीच पोषण किट बांटे गए हैं, और अब दुलमी जैसे पिछड़े ब्लॉक में भी 450 पोषण किट का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दुलमी जैसे पिछड़े क्षेत्रों में सीएसआर फंड का पूर्व में सही उपयोग नहीं हुआ होगा, और वे विभिन्न कंपनियों के सीएसआर फंड का सदुपयोग क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के बीच कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सीएसआर मद से स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, आंगनवाड़ी का उन्नयन और सोलर लाइट जैसे कार्य व्यापक स्तर पर किए जाएंगे ताकि समाज का सर्वांगीण विकास हो सके।दुलमी प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित मिश्रा ने सांसद मनीष जायसवाल का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजन दुलमी प्रखंड में होते रहेंगे। रामगढ़ जिले के सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि कुपोषण एक बड़ी विडंबना है और सांसद मनीष जायसवाल कुपोषण मुक्त समाज बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। रामगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता ने सांसद मनीष जायसवाल की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि कुपोषण के खात्मे के लिए उनके लगातार प्रयास सराहनीय हैं।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता बबली सिंह, मच्छेंद्र कुमार, नवल मिश्र, रोहित केवट, बालेश्वर पांडेय, गुलाल साव, रंजीत नायक, कुंदन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।