किशोर कुमार दुर्ग छत्तीसगढ़ ब्यूरो चीफ इंडियन टीवी न्यूज
छत्तीसगढ़ रायपुर : 5 लाख के गांजे के साथ बिहार के 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, रेलवे स्टेशन के पास से घेराबंदी कर पकड़ा
रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 किलो 360 ग्राम गांजे के साथ बिहार राज्य के तीन अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के पास की। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 5,00,000/- रुपये बताई जा रही है।
घटना का विवरण
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर अमरेश मिश्रा और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार रायपुर पुलिस द्वारा नशे के काले कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में, 20 जुलाई 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को गुप्त सूचना मिली कि थाना गंज क्षेत्रांतर्गत रेलवे स्टेशन के पास कुछ व्यक्ति बैग में गांजा रखकर बेचने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राइम संजय सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली केशरीनंदन नायक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान प्रदीप कुमार सनोडिया, दिनेश गुप्ता और विनोद गुप्ता निवासी बिहार के रूप में बताई।
टीम द्वारा जब उनके पास रखे बैगों की तलाशी ली गई, तो उनमें भारी मात्रा में गांजा पाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वे इस गांजे को संभलपुर, ओडिशा से लाए थे।
जब्त सामग्री और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 48 किलो 360 ग्राम गांजा और घटना में इस्तेमाल किए गए 03 मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत लगभग 5,00,000/- रुपये आंकी गई है।