व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने मगलवार को जनपद के थाना कुठौंद का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्य प्रणाली और अभिलेखों के रखरखाव की समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और हवालात का बारीकी से अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस प्रणाली के अंतर्गत दर्ज मामलों की स्थिति, अभियोगों की प्रगति एवं निस्तारण के लिए फीडिंग की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख समयबद्ध, पारदर्शी और अद्यतन स्थिति में रखें जाएं ताकि किसी भी शिकायत या जांच में कोई परेशानी न हो।महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण और संवेदनशील मामलों में महिला पुलिस कर्मियों की सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए एसपी ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने साइबर हेल्प डेस्क के संचालन और उसमें आने वाले मामलों के विश्लेषण की भी समीक्षा की तथा साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। हवालात की स्थिति और उसमें मौजूद व्यवस्थाओं का भी उन्होंने गहनता से निरीक्षण किया और बंदियों की सुरक्षा एवं मानवाधिकारों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया। इस दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। एसपी ने साफ तौर पर कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं चलेगी, थाने में आने वाले हर व्यक्ति को सम्मानपूर्वक और निष्पक्ष व्यवहार मिलना चाहिए।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश