कुआं में डूबने से मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया । जिसमें पांच वर्षीय मासूम की कुएं में डूबकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार 5 वर्षीय सिद्धांत पुत्र गम्मा सिंह निवासी जोरुखाड़ ,अपने साथियों मित्रो के साथ खेलते-खेलते घर से करीब 100 मीटर दूरी पर स्थित कुआं के पास पहुंच गया। और वह अचानक कुआं में गिर पड़ा।घटना की सूचना अन्य बच्चों ने घर पर दी। इस दौरान घर पर सिर्फ उसकी बड़ी बहन मौजूद थी, जबकि पिता अन्य प्रदेश काम पर गए हुए थे और मां बड़े बेटे को हॉस्टल से लेने गई थीं। दादा-दादी भी दुद्धी बाजार गए हुए थे।
घटना की सूचना पर ग्रामीणों की मदद से मासूम बालक को कुआं से बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।घटना से परिजनों समेत गांव में कोहराम मच गया।
ग्राम प्रधान विमल यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना अस्पताल के माध्यम से पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह