सरिया चोर गिरोह से हुई मुठभेड़,
एक बदमाश घायल,तीन गिरफ्तार, भारी मात्रा में सरिया व असलहे बरामद किए। कालपी, जनपद के कोतवाली कालपी क्षेत्र में बीती रात पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरजनपदीय सरिया चोरी गिरोह का खुलासा हुआ है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गोली लगी जबकि उसके तीन साथियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मौके से चोरी की गई लगभग 15 कुंतल सरिया, ट्रक और अवैध असलहों के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि 28 जुलाई की देर रात पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम द्वारा थाना कालपी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, संदिग्धों की चेकिंग और वांछित अपराधियों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोग चोरी की सरिया ट्रक से बेचने ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम बरदौली बम्बा नहर पुलिया से लगभग 50 कदम इटौरा की ओर एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। ट्रक रुकते ही उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें कल्लू उर्फ मुन्ना, निवासी ग्राम बाबूखेड़ा, थाना अचलगंज, जनपद उन्नाव, के पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके तीन साथी सुनील लोधी, संतोष लोधी और ओम प्रकाश लोधी ने पुलिस के दबाव में आत्मसमर्पण कर दिया। पूछताछ में बड़े गैंग का खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जालौन, झांसी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, कन्नौज, कुशीनगर, गोंडा और महोबा समेत कई जिलों में निर्माणाधीन पेट्रोल पंप, मकान व बिल्डिंग की रेकी करते थे। रात के समय मौका देखकर ट्रक से सरिया और लोहे का सामान चोरी कर बेच देते थे । आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने दिनांक 03 जून 2025 को ग्राम बैरई, थाना कालपी स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप से सरिया चोरी की। दिनांक 10-11 जुलाई 2025 को ग्राम छौंक, थाना कालपी कानपुर-झांसी हाईवे किनारे स्थित निर्माणाधीन मकान से सरिया चुराया। दिनांक 05 मई 2025 को जनपद झांसी के मोठ थाना क्षेत्र के ग्राम जरहाखुद, मून इंटरनेशनल स्कूल के पास से भी सरिया व अन्य सामान चोरी किया। उपरोक्त मामलों में थाना कालपी में पूर्व से अभियोग पंजीकृत हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में कल्लू उर्फ मुन्ना पुत्र रज्जन लाल लोधी (37 वर्ष) निवासी ग्राम बाबूखेड़ा, थाना अचलगंज, जनपद उन्नाव (फायरिंग करने वाला),सुनील लोधी पुत्र रामनरेश (47 वर्ष) निवासी ग्राम कुरारी कला, थाना अचलगंज, जनपद उन्नाव, संतोष लोधी पुत्र प्रेमशंकर (48 वर्ष) निवासी ग्राम नथईखेड़ा, थाना अचलगंज, जनपद उन्नाव, ओम प्रकाश लोधी पुत्र मंगल (35 वर्ष) निवासी ग्राम सधीरा, पोस्ट रेना गढ़ी, थाना अजगैन, जनपद उन्नाव शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्तों से 1 ट्रक संख्या UP 78 DT 8782, करीब 15 कुंतल चोरी की सरिया,1 तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 1 खोखा कारतूस, 1 तमंचा 12 बोर, 1 जिंदा कारतूस, 2 नाजायज चाकू, 1 खोखा कारतूस 9 एमएम बरामद किया है। इस उल्लेखनीय सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस टीम को ₹25,000 का नगद पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि जनपद में संगठित अपराध पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह के गिरोहों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। स्थानीय जनता ने भी पुलिस की इस त्वरित और साहसी कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और माल खरीदने वाले नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश