रिपोर्ट अनिल सोनी
रविवार सुबह उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो वाहन के नहर में गिरने से 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोगों को बचा लिया गया है।
यह दर्दनाक हादसा इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा बहुता गांव के पास हुआ, जो मोतीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक ही परिवार के थे और पृथ्वी नाथ मंदिर में जल चढ़ाने के लिए जा रहे थे।
सुबह करीब 10 बजे, तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में जा गिरी। वाहन में सवार 15 लोगों में से 11 की मौत डूबने से हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
बोलेरो को नहर से बाहर निकालने के लिए उसका शीशा तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक 11 लोगों की सांसें थम चुकी थीं।
मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है:
दीना, काजल ,महक ,दुर्गेश ,अंकित शुभ ,संजू ,अंजू ,अनुसुइया ,सौम्या नंदनी
चार लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, और हादसे की वजह तेज रफ्तार और ड्राइवर का संतुलन खोना बताया जा रहा है।
जिले में मातम पसरा, प्रशासन ने जताया दुख
गोंडा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।