धनुहीं में ब्रह्म बाबा के स्थान पर हुआ भव्य भंडारा, शिव भक्तों के स्वागत में दिखा अद्वितीय समर्पण
इंडियन टी वी न्यूज
रिपोर्ट अनिल सोनी
ब्यूरो चीफ बहराइच
विशेश्वरगंज/बहराइच।
पयागपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत धनुहीं में स्थित ब्रह्म बाबा के पावन स्थल पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन की अगुवाई तेजतर्रार युवा सामाजिक कार्यकर्ता दिवाकर मिश्रा व उनकी टीम ने की। सावन माह के अवसर पर बाबा भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और सेवा का अनूठा उदाहरण इस आयोजन के माध्यम से देखने को मिला।
भंडारे का आयोजन उस समय हुआ जब श्रावस्ती जिले में स्थित प्रसिद्ध सीता द्वार मंदिर से जल भरकर हजारों शिवभक्त “बोलबम” के जयकारों के साथ बाबा पृथ्वी नाथ धाम की ओर प्रस्थान कर रहे थे। यह स्थल गोंडा-बहराइच बॉर्डर पर स्थित है और इसे एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग माना जाता है। इस पवित्र यात्रा के दौरान रास्ते में कई स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था की गई, जिनमें धनुहीं का यह आयोजन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।
ब्राह्म बाबा के स्थान पर विशाल पंडाल सजाया गया था, जहां दिवाकर मिश्रा और उनकी टीम द्वारा शिवभक्तों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, विश्राम और बैठने की उत्तम व्यवस्था की गई। आयोजन स्थल शिवभक्तों से खचाखच भरा रहा। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और भक्ति भाव में झूमते हुए बाबा भोलेनाथ के जयकारे लगाए। “बोलबम”, “हर हर महादेव” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और सम्मानित नागरिकों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और दिवाकर मिश्रा के इस प्रयास की सराहना की। आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को जोड़ने का माध्यम बना बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा भाव की मिसाल भी पेश की।
दिवाकर मिश्रा ने कहा कि यह सेवा शिवभक्तों के प्रति सम्मान और भगवान भोलेनाथ की कृपा का प्रतिफल है। उनकी टीम भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज सेवा करती रहेगी।
इस भव्य आयोजन ने क्षेत्र में भक्ति, सेवा और सद्भाव की एक नई मिसाल कायम की, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।