सम्मानित किये गये विस्थापित परिवारों के सदस्य
शहीद स्मारक तक निकाला गया मौन जुलूस
रिपोर्ट अनिल सोनी
बहराइच 14 अगस्त। भारत-पाक बंटवारे की भयानक त्रासदी में अपने प्राणों की आहूति देने वाले नागरिकों के सम्मान तथा भयानक त्रासदी का दंश झेलने वाले परिवारों को ढ़ाढस बंधाने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर कपूरथला में नवनिर्मित मल्टी परपज स्किल डेवलपमेन्ट ‘उत्थान’ (आडिटोरियम) में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ अशोक बाजपेयी ने सांसद बहराइच डॉ. आनन्द गोंड, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बहराइच श्रीमती सुधा देवी के प्रतिनिधि श्यामकरन टेकड़ीवाल व अन्य अतिथियों के साथ विस्थापित परिवारों के सदस्यों वेद प्रकाश अरोरा, सरदार धर्मवीर सिंह, श्रीमती हरबीर कौर, सरदार भूपेंद्र सिंह, सरदार मनदीप सिंह, सुशील भल्ला, कुलभूषन अरोरा, मनीष मल्होत्रा, सरदार इन्द्रजीत सिंह, सरदार जसबीर सिंह, राजेश मन्सानी व डॉ. गर्वित मल्होत्रा को अंगवस्त्र व मोमेन्टो भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विभाजन की विभीषिका पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगायी गयी तथा डाक्यूमेन्ट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। चित्र प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि सहित कार्यक्रम में आये हुए अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डॉ अशोक बाजपेयी, सांसद बहराइच डॉ. आनन्द गोंड, कुलभूषण अरोड़ा, प्रोेफेसर कृष्ण कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन जहां विभाजन की त्रासदी से पीड़ित परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक माध्यम है। ऐसे आयोजन से एकता अखण्डता व आपसी भाईचारा एवं सौहार्द की भावना बलवती होती है। विभाजन के दर्द को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। विभाजन की त्रासदी में प्राण गवाने वाले हज़ारों नागरिकों का नमन करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति भी अपनी सद्भावना व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ अनेकों कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। जिसके परिणाम स्वरूप एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ देश तेज़ी के साथ विकास के पथ पर अग्रसर है।
इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन के उद्देशों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम में आये हुए अतिथियों का स्वागत किया। जबकि कार्यक्रम के अन्त में भाजपा महामंत्री नन्हे लाल लोधी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। राहुल राय ने अन्य अतिथियों के साथ मंचासीन अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वंदेमातरम तथा समापन राष्ट्रगान के गायन से किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मनीष श्रीवास्तव, ईओ प्रमिता सिंह व अन्य अधिकारी, क्षेत्र पंचायत प्रमुखगण, गणमान्य व संभ्रान्तजन, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र, मीडिया प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपरान्त आडिटोरियम से शहीद स्मारक तक मौन जुलूस भी निकाला गया।