उरई(जालौन):
जनपद जालौन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस:
ADM ने गाए देश भक्ति गीत:

कलेक्ट्रेट और पुलिस लाइन में फहराया तिरंगा: स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का हुआ सम्मान :
जनपद में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। पूरे जनपद में सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों, स्कूलों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों और सामाजिक संगठनों ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया गया। इस दौरान जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटक और कविताओं के माध्यम से आजादी के महत्व को जीवंत कर दिया। जालौन के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गीत गाकर आजादी के महत्व को बताया। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य आयोजन जिला मुख्यालय उरई स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ। प्रातः 8 बजे जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी। इसके बाद उन्होंने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कलेक्ट्रेट स्थित पार्क में जिलाधिकारी ने प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहीं, कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। अपने संबोधन में डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने स्वतंत्रता संग्राम के महत्व और बलिदान की गाथा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी हमें बड़े संघर्ष और त्याग के बाद मिली है, इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह देशहित में निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे राष्ट्र की प्रगति के लिए अपनी पूरी क्षमता से योगदान दें। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, एसडीएम नमामि गंगे प्रेम चंद्र मौर्य और सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा ने भी अपने विचार रखे । कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के चार आश्रितों सरस्वती देवी, गणेश जी देवी, कौशल्या देवी और राम देवी विद्यार्थी को अंगवस्त्र और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। यह क्षण कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पल रहा, जब स्वतंत्रता संग्राम की यादें ताजा हो गईं। स्वतंत्रता दिवस पर जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन में तिरंगा फहराया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सच्चे भाव से एक देशभक्त की तरह सेवा करें, जिससे देश की अखंडता और सम्मान कायम रहे। एसपी ने पुलिस बल को राष्ट्रहित में सदैव तत्पर रहने और जनसेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। वही अच्छा काम करने वाले पुलिस कर्मियों को एसपी ने सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट के अलावा विकास भवन सहित सभी सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने अपने-अपने कार्यालयों में झंडा फहराकर आजादी के अमर सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। स्वतंत्रता दिवस की सुबह प्रभातफेरी का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। स्कूलों और संस्थानों में आयोजित औकार्यक्रमों में बच्चों ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए बच्चों ने कविताएं, नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। न्याय भवन और सेशन्स हाउस में जनपद न्यायाधीश अचल सचदेव ने ध्वजारोहण कर झंडे को सलामी दी। उन्होंने देश की आजादी में शहीदों के योगदान को याद करते हुए कहा कि सभी न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता और वॉलंटियर्स अपने दायित्वों का निर्वहन राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और लगन से करें। इस मौके पर सभी पीठासीन अधिकारी और न्यायालय के कर्मचारी मौजूद रहे।जालौन में इस बार का स्वतंत्रता दिवस न केवल उल्लास और देशभक्ति का प्रतीक बना, बल्कि इसने लोगों को यह संदेश भी दिया कि आजादी की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की भूमिका अहम है। तिरंगे की शान और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए पूरे जिले में एकता, भाईचारे और देश प्रेम का अद्भुत माहौल रहा। विभिन्न संगठनों की ओर से तिरंगा यात्रा का भी आयोजन किया गया।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश