श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रिजर्व पुलिस लाइन, सहारनपुर में भव्य आयोजन, भक्ति और उल्लास से गूंजा माहौल
सहारनपुर । शनिवार की रात्रि को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व सहारनपुर स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के साथ बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर सहित पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित अन्य अधिकारीगण एवं पुलिस कर्मीगण सपरिवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन और पूजा-अर्चना से हुई। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, झिलमिलाती लाइटों और भगवान श्रीकृष्ण की झांकियों से सजाया गया था, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। रात्रि 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरे परिसर में घंटियों की गूंज और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। बच्चों की इन मोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर द्वारा कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम पुलिस परिवार में आपसी सौहार्द, आस्था और सामूहिक भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सभी अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं उनके परिजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य और यादगार बना दिया। सम्पूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण एवं उत्सवी वातावरण में सम्पन्न हुआ।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़