सीसीटीवी से मिला सुराग, अपहरणकर्ता गिरफ्तार, नाबालिग सकुशल घर लौटी
सहारनपुर। थाना तीतरो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपहृत नाबालिग लड़की को जनपद लुधियाना (पंजाब) से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में वांछित आरोपी विक्की पुत्र स्व. संतोष पासवान, निवासी ग्राम मौर थाना मौकामा, जनपद पटना (बिहार), हाल निवासी मौहल्ला छावनी थाना डिवीजन नं. 04, लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला 6 अगस्त 2025 को दर्ज हुआ था। वादी ने तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना तीतरो पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के आदेश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए यह सफलता हासिल की।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी और पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 64(1)/87/137(2) बीएनएस तथा 3/4 पोक्सो अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्यवाही पूरी कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास तोमर, कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार (1034), कॉन्स्टेबल अमित कुमार (1090), महिला कॉन्स्टेबल मानवती शामिल रहे ।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़