लोकेशन। करही
1करही पुलिस की बड़ी सफलता: दो मोटरसाइकिल चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख रुपये का माल जब्त
करही । खरगोन पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन अनुराग और उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशों के बाद, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने जिले में हो रही चोरी और लूट की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रुहल और एसडीओपी बड़वाह अर्चना रावत के मार्गदर्शन में थाना करही पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मामले की शुरुआत 17 अगस्त 2025 को हुई, जब फरियादी गोपाल ने अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस पर थाना करही में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया।
जांच के दौरान, पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इस चोरी में ग्राम बेरफड़ का एक नाबालिग शामिल हो सकता है। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। पूछताछ में उसने न सिर्फ गोपाल की मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूली, बल्कि 7 अगस्त 2025 को ग्राम चिंनगुन से एक और मोटरसाइकिल चोरी करने की घटना का भी खुलासा किया। पुलिस रिकॉर्ड में जाँच करने पर पता चला कि यह मामला भी थाना बलवाड़ा में पहले से दर्ज था।
नाबालिग आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों चोरी की गईं मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय तमोलिया, प्रधान आरक्षक रवि, आरक्षक अनुराग, मुकेश और महिला आरक्षक मंजु सहित थाना करही के अन्य स्टाफ का विशेष योगदान रहा।