उरई(जालौन):
जालौन पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी:
पुलिस ने छापेमारी कर बरामद किया अवैध बारूद का जखीरा:
बंद पड़े मकान से बरामद हुई 23 लाख रुपये की आतिशबाजी, एसपी ने किया खुलासा:जनपद की चुर्खी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के सोहरापुर गांव में एक बंद पड़े मकान से तेईस लाख रुपये कीमत की अवैध आतिशबाजी बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि चुर्खी थाना पुलिस क्षेत्र में रोकथाम अपराध, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और पत्तारसी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सोहरापुर स्थित बृजराज के बंद मकान में भारी मात्रा में आतिशबाजी छिपाकर रखी गई है। पुलिस ने दबिश दी तो मकान के बाहरी कमरे से 310 प्लास्टिक बंडल में भरी 1,48,000 अवैध पटाखा माचिस बरामद हुई। अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से आरोपी शदरे आलम पुत्र अब्दुल शहीद निवासी बिनौरावैद्य, थाना चुर्खी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी हीरालाल पुत्र रामभरोसे निवासी औंता, थाना चुर्खी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पूछताछ में शदरे आलम ने बताया कि वह और उसका साथी हीरालाल, बृजराज के मकान का अवैध रूप से इस्तेमाल कर आतिशबाजी का भंडारण कर रहे थे। दोनों माल को बाहर सप्लाई करने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस पकड़े गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है । जानकारी आस-पास के थानों और जनपदों से कर रही है।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश