दुद्धी (सोनभद्र)। शासन के निर्देश पर वर्ष 1978 में अस्तित्व में आई नगर पंचायत दुद्धी का पहली बार सीमा विस्तार किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को तहसीलदार अंजनी गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों की टीम ने प्रस्तावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सर्वे कार्य शुरू किया।
टीम ने भ्रमण के दौरान मानचित्र के आधार पर भौगोलिक स्थिति का अध्ययन करते हुए यह देखा कि किन ग्राम पंचायतों की कृषि व गैर-कृषि भूमि नगर पंचायत में जोड़ी जा सकती है। इस दौरान डूमरडीहा, धनौरा, खजूरी और जाबर सहित कई गांवों का जायजा लिया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल अरुण कन्नौजिया, महेंद्र यादव, प्रवीण कुमार, अनिल गुप्ता, रवि कुमार आदि मौजूद रहे।
*इन गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव*
नगर पंचायत सीमा विस्तार प्रस्ताव में दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत खजूरी, जाबर, मल्देवा, बीड़र, डूमरडीहा और धनौरा के आंशिक या पूर्ण भूभाग को सम्मिलित करने की योजना है। प्रस्तावित सीमा रेखा खजूरी स्थित ठेमा नदी से शुरू होकर जल संयंत्र जाबर, पुराने बैरियर, मल्देवा प्राथमिक विद्यालय, बीड़र गांव स्थित लौवा नदी किनारे, डूमरडीहा कनहर नहर होते हुए धनौरा रेलवे लाइन तक होने की संभावना है।
*बोर्ड बैठक में हुआ था निर्णय*
नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन की अध्यक्षता में सीमा विस्तार संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके उपरांत 16 जुलाई को राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ के माध्यम से संबंधित मंत्रालय को अनुरोध पत्र प्रेषित किया गया। शासनादेश (31 जनवरी 2015 एवं 23 नवम्बर 2020) के आलोक में जिलाप्रशासन को परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए थे।
*तहसीलदार का बयान*
तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देश पर नगर पंचायत सीमा विस्तार की कवायद शुरू हो चुकी है। बहुत जल्द प्रस्तावित क्षेत्र की जनसंख्या, क्षेत्रफल, कृषियुक्त एवं गैर-कृषियुक्त भूमि का विवरण शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो गांव नगर पंचायत की सीमा में सम्मिलित होंगे, वहां वर्ष 2026 में पंचायत चुनाव नहीं कराए जाएंगे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह